अल्मोड़ा –
लमगड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत बिरखम-जैती मार्ग पर मंगलवार सुबह एक ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 30 मीटर नीचे गिर गई, जिसमें सवार दो व्यक्तियों को गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना में एक व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में भर्ती है।
जानकारी के अनुसार, चेसिस नंबर MBNAU52AILTL16451 वाला ट्रैक्टर दीवान सिंह पुत्र मोहन सिंह निवासी बाराकोट, चौकी जैती थाना लमगड़ा द्वारा चलाया जा रहा था। ट्रैक्टर में गोपाल राम पुत्र बची राम निवासी डाड़ीमी, चौकी जैती थाना लमगड़ा सवार थे। सुबह लगभग 7:30 बजे, बिरखम-जैती के समीप ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।
घटना के बाद दोनों को गंभीर हालत में हल्द्वानी रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में गोपाल राम की हालत बिगड़ने पर उन्हें सीएचसी पदमपुरी में भर्ती कराया गया, जहाँ उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। दूसरी ओर चालक दीवान सिंह का इलाज सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी में चल रहा है, जहाँ उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य किया। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जाँच की जा रही है।
ग्रामवासियों ने प्रशासन से बिरखम-जैती मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।