अल्मोड़ा –
समाजिक व बाल अधिकारों के लिए विगत 25 वर्षों से कार्यरत रघु तिवारी को किशोर न्याय बोर्ड (जेजे बोर्ड) अल्मोड़ा का सदस्य नियुक्त किया गया है। उनके इस चयन से जिले के सामाजिक, शैक्षिक एवं जागरूक नागरिकों में हर्ष का माहौल है। तिवारी इससे पूर्व अल्मोड़ा बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं।
A
रघु तिवारी ने “अमन संस्था” के माध्यम से दो दशकों से अधिक समय तक शिक्षा, बाल अधिकार, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक बुराइयों, पोषण व रोजगार जैसे विविध मुद्दों पर जनहित में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। वे शिक्षा का अधिकार (RTE) और बाल श्रम उन्मूलन जैसे राष्ट्रीय अभियानों में भी सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। इसके अतिरिक्त वे राज्य स्तर पर आरटीई के समन्वयक के रूप में भी लंबे समय तक जुड़े रहे।
अल्मोड़ा किशोर न्याय बोर्ड में तिवारी के साथ वरिष्ठ अधिवक्ता चन्द्रा प्रताप को भी सदस्य के रूप में नामित किया गया है। इन दोनों अनुभवी व्यक्तित्वों की नियुक्ति से जिले में किशोर न्याय व्यवस्था को और सशक्त बनाने की उम्मीद की जा रही है।
रघु तिवारी को मिली इस जिम्मेदारी पर जिले भर से उन्हें बधाई संदेश प्राप्त हो रहे हैं। पूर्व पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, बार एसोसिएशन अध्यक्ष महेश परिहार, पूर्व प्रधानाचार्य नीरज पंत, चंद्रमणि भट्ट, प्रधानाचार्य उमेश चंद्र पांडे, पूर्व जेजे बोर्ड सदस्य नीलिमा भट्ट, डॉ. प्रभाकर जोशी, डॉ. पुष्कर बिष्ट, त्रिलोक सिंह लटवाल, एडवोकेट भावना जोशी, कल्याण सिंह मनकोटी, प्रमोद जोशी, हर्षवर्धन पांडे सहित जिले के कई सामाजिक, शैक्षिक एवं पत्रकार संगठनों से जुड़े लोगों ने तिवारी को बधाई दी और उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं प्रकट कीं।
लोगों का कहना है कि रघु तिवारी जैसे जमीनी अनुभव रखने वाले सामाजिक कार्यकर्ता की नियुक्ति से किशोरों से जुड़े मामलों में न्याय प्रक्रिया और भी संवेदनशील, प्रभावी व बाल-अनुकूल बनेगी।