मौलेखाल (सल्ट)। शुक्रवार को चाय विकास बोर्ड के नव नियुक्त उपाध्यक्ष एवं दर्जा राज्यमंत्री महेश्वर मेहरा के गृहक्षेत्र मौलेखाल (सल्ट) आगमन पर क्षेत्रवासियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। दूर-दराज से आए ग्रामीणों, महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने फूल-मालाओं के साथ उन्हें बधाई दी और उनका अभिनंदन किया। जनसंपर्क के दौरान मेहरा ने सभी का धन्यवाद करते हुए क्षेत्रवासियों का आभार प्रकट किया और बुजुर्गों से आशीर्वाद लिया।
ग्रामवासियों ने अपने बीच अपने जनप्रतिनिधि को उच्च पद पर नियुक्त होते देख हर्ष व्यक्त किया। मेहरा ने अपने संबोधन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का विशेष धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, वह उसका पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में चाय उत्पादन की असीम संभावनाएं हैं और वह पूरे राज्य में चाय के बागानों के विकास को प्राथमिकता देंगे, जिससे ग्रामीणों को आजीविका के नए अवसर मिल सकें।
उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि चाय उद्योग को आधुनिक तकनीक से जोड़ा जाए और इस क्षेत्र में युवाओं के लिए स्वरोजगार के रास्ते खोले जाएं। उन्होंने सल्ट क्षेत्र में चाय के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम करने की बात कही।

मेहरा ने यह भी उल्लेख किया कि उनका परिवार पिछले 35 वर्षों से भाजपा को सल्ट क्षेत्र में मजबूत करने का कार्य करता आ रहा है। पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा और समर्पण को देखते हुए यह सम्मान उन्हें मिला है। इस अवसर पर क्षेत्र की जनता ने उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस स्वागत कार्यक्रम में कई प्रमुख स्थानीय नेता एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इनमें पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष शांति मेहरा, पूर्व दर्जा राज्य मंत्री दिनेश मेहरा, पूर्व मंडल अध्यक्ष नंदन सिंह बिष्ट, चंदन सिंह मनराल, मनोहर सिंह नेगी, गणेश रावत, पूर्व छात्र महासंघ अध्यक्ष रोहित मेहरा, छात्र संघ अध्यक्ष रामनगर आशीष मेहरा, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष चंदन सिंह बिष्ट, प्रधान संगठन अध्यक्ष रवि दत्त खंतवाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य विक्रम रावत, लछम सिंह, नीमा देवी सहित सैकड़ों ग्रामीण शामिल रहे।
कार्यक्रम के अंत में स्थानीय लोगों ने क्षेत्रीय विकास और चाय उद्योग को बढ़ावा देने की उम्मीद के साथ मेहरा को अपना पूर्ण समर्थन देने की बात कही। वहीं मेहरा ने जनता को विश्वास दिलाया कि वे हर संभव प्रयास करेंगे कि सल्ट क्षेत्र को चाय उत्पादन और विकास के एक आदर्श मॉडल के रूप में प्रस्तुत किया जा सके।

