भारतीय जनता पार्टी के 46वें स्थापना दिवस के अवसर पर पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर अल्मोड़ा जनपद में विविध कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी है। इन आयोजनों के माध्यम से पार्टी संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ आम जनमानस से सीधा संवाद स्थापित किया जा रहा है।
स्थापना दिवस के अवसर पर 6 अप्रैल को कार्यकर्ताओं ने अपने घरों पर पार्टी का झंडा लगाकर उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। 7 अप्रैल को बूथ स्तर पर संगठनात्मक बैठकें आयोजित हुईं, जबकि 8 अप्रैल को अल्मोड़ा विधानसभा तथा 9 अप्रैल को सोमेश्वर एवं जागेश्वर विधानसभाओं में सक्रिय सदस्यों का सम्मेलन आयोजित किया गया।
सम्मेलनों में वक्ताओं ने भाजपा की चुनावी सफलताओं, संगठनात्मक विस्तार तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 11 वर्षों में हुए राष्ट्रीय परिवर्तन पर विस्तृत विचार रखे। इन कार्यक्रमों में भाजपा के सुशासन मॉडल, विकास योजनाओं और राष्ट्रवादी सोच को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया गया।
इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी द्वारा 10 अप्रैल से जिले के सभी मंडलों में ‘गांव चलो, बस्ती चलो’ अभियान का शुभारंभ किया गया। यह अभियान 12 अप्रैल तक चलेगा। इस दौरान वरिष्ठ पदाधिकारी गांव-गांव जाकर जनसंपर्क कर रहे हैं। इन कार्यक्रमों में प्रमुख रूप से मंदिर, स्कूल या अस्पताल परिसरों में स्वच्छता अभियान चलाना, बूथ समिति की बैठकें आयोजित करना, गांवों की गलियों में पार्टी के झंडों के साथ जन यात्रा निकालना और संध्या के समय चौपाल लगाकर सरकार की योजनाओं की जानकारी देना शामिल है।
अभियान के अंतर्गत भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं की टीम ने मनाऊं बूथ में घर-घर संपर्क अभियान चलाया और गांव में सफाई अभियान संचालित किया। इस दौरान ग्रामीणों को स्वच्छता के साथ-साथ जल संरक्षण के महत्व के प्रति भी जागरूक किया गया। शिव मंदिर परिसर में भी सफाई कार्य कर श्रमदान किया गया।
इसके पश्चात चौना बूथ में बूथ अध्यक्ष के नेतृत्व में बूथ समिति की बैठक का आयोजन हुआ, जिसमें संगठनात्मक रणनीतियों पर चर्चा की गई। इसके बाद दौलाघट पार्टी कार्यालय में वरिष्ठ मंडल कार्यकर्ताओं के साथ एक विशेष बैठक आयोजित की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने कहा कि स्थापना दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा जिले में जनसंपर्क के माध्यम से आमजन तक पार्टी की नीतियों एवं उपलब्धियों को पहुँचाया जा रहा है। उन्होंने उत्तराखंड के यशस्वी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि समान नागरिक संहिता, नकल विरोधी कानून तथा भू-कानून जैसे ऐतिहासिक निर्णय प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार द्वारा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में आयोजित बहुउद्देशीय जनसेवा शिविरों के माध्यम से स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, राजस्व, वृद्धा पेंशन, किसान सम्मान निधि और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का लाभ जनता को सीधे मिल रहा है। इन शिविरों से न केवल समस्याओं का समाधान हो रहा है, बल्कि जनता को योजनाओं की जानकारी भी मिल रही है।
जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पार्टी के कार्यों को बूथ स्तर तक पूरी निष्ठा और मनोयोग से पहुँचाएं और संगठन की ताकत को और बढ़ाएं।
इस अवसर पर भाजपा स्याही देवी मंडल अध्यक्ष गणेश जलाल, निवर्तमान महामंत्री ललित तिवारी, महेंद्र बिष्ट, बूथ अध्यक्ष पान सिंह, राहुल खोलिया, भाजयुमो अध्यक्ष अशोक जलाल, महेश डांगी, गजेंद्र रावत, राजेंद्र भंडारी, बहादुर सिंह, मोहित तिवारी, हेम सहित अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।