“मानवता की भावना” थीम पर अल्मोड़ा में आयोजित गोष्ठी में समाजसेवा के प्रेरणास्रोत बने सम्मानित व्यक्तित्व
अल्मोड़ा। रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर रेडक्रॉस सोसाइटी अल्मोड़ा द्वारा नगर निगम सभागार में एक भव्य व गरिमामयी गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम “मानवता की भावना” रखी गई, जिसने सेवा, करुणा और समर्पण जैसे रेडक्रॉस के मूल मूल्यों को सजीव रूप से प्रस्तुत किया। आयोजन ने समाज में प्रेरणास्रोत बनकर कार्य कर रहे व्यक्तियों को सम्मानित कर रेडक्रॉस के उद्देश्यों को नई ऊंचाइयों तक पहुँचाया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता रेडक्रॉस सोसाइटी अल्मोड़ा के चेयरमैन आशीष वर्मा ने की, जबकि संचालन संस्था के सचिव विनीत बिष्ट ने किया। गोष्ठी में नगर निगम महापौर अजय वर्मा, क्षेत्राधिकारी जी.डी. जोशी, पूर्व पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी आर.सी. पंत समेत कई गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही, जिन्होंने रेडक्रॉस के सेवा कार्यों की सराहना की।
सम्मानित होने वालों में पार्षद अमित साह ‘मोनू’ को सामाजिक क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उनके अलावा डॉ. अमित सुकोटि (सर्जन), डॉ. धीरज राज ( सर्जन), राघव पंत (सामाजिक कार्यकर्ता), कर्नल थापा (शौर्य चक्र प्राप्त), अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर एकता बिष्ट (खेल), त्रिभुवन गिरी महाराज (साहित्य एवं संस्कृति), रीता दुर्गापाल (सांस्कृतिक क्षेत्र), गोकुल मेहता (शिक्षा क्षेत्र), जीवन सिंह रॉयल (सैन्य क्षेत्र) और नेहा आगरी (संगीत क्षेत्र) को भी सम्मानित किया गया।
सम्मान प्राप्त करने वाले सभी विभूतियों ने रेडक्रॉस द्वारा मिले इस सम्मान को अपने जीवन का गौरवपूर्ण क्षण बताया और कहा कि यह उन्हें समाज सेवा के कार्यों में और अधिक ऊर्जा व प्रेरणा प्रदान करेगा। पार्षद अमित साह ‘मोनू’ ने कहा कि मानवता की सेवा ही जीवन का वास्तविक उद्देश्य होना चाहिए और रेडक्रॉस इस दिशा में अनुकरणीय कार्य कर रहा है।
रेडक्रॉस सोसाइटी के वरिष्ठ सदस्य डॉ. जी.सी. दुर्गापाल ने संस्था के इतिहास, उद्देश्यों और समाज में उसके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि रेडक्रॉस आपदाओं के समय ही नहीं, बल्कि सामान्य दिनों में भी समाज के कमजोर वर्गों के साथ खड़ा रहता है। संस्था द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों ने हजारों लोगों का जीवन संवारा है।
वक्ताओं में शंकर दत्त भट्ट ने कहा कि रेडक्रॉस की निःस्वार्थ सेवा भावना ही उसकी पहचान है। सीओ जी.डी. जोशी ने रेडक्रॉस को पुलिस प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया और कहा कि समाजसेवा में पुलिस की भागीदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम की शुरुआत जादूगर प्रकाश चंद्र शर्मा द्वारा सामाजिक संदेशों पर आधारित जादू प्रस्तुतियों से की गई, जिसने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। समापन पर चेयरमैन आशीष वर्मा ने सभी अतिथियों, स्वयंसेवकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए युवाओं से रेडक्रॉस के सेवा कार्यों में भागीदारी की अपील की। उन्होंने नगर निगम महापौर से सोसाइटी के लिए भवन हेतु भूमि आवंटन का अनुरोध भी किया।
इस अवसर पर मनोज सवाल, हरीश कनवाल, हरेंद्र बिष्ट, कपिल मल्होत्रा, मनोज भंडारी मंटू, दीप जोशी, वसुधा पंत, गिरीश मल्होत्रा, आनंद बगड़वाल, त्रिलोचन जोशी, यूथ सोसाइटी उपाध्यक्ष अर्जुन बिष्ट, किशन गुरुरानी, लता पाण्डेय, बीएस मनकोटि, रजनी पंत, नेहा बिष्ट, पुष्पा सती, पीसी तिवारी, भारत साह सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक एवं एनसीसी के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
इस आयोजन ने रेडक्रॉस के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुँचाने के साथ ही समाज के प्रेरणादायक व्यक्तित्वों को सम्मानित कर “मानवता की भावना” को और अधिक सशक्त बनाया। यह कार्यक्रम निश्चित ही आने वाली पीढ़ियों के लिए समाज सेवा की प्रेरणा बनेगा।