अल्मोड़ा। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर अल्मोड़ा नगर में बूथ स्तर पर संपर्क अभियान लगातार जारी है। अभियान के तहत भाजपा के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता जनता से सीधा संवाद कर रहे हैं और केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचा रहे हैं।
इसी क्रम में पूर्व विधायक एवं पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान ने बूथ संख्या 141 (जिला उद्योग केंद्र) में पहुंचकर जनसंपर्क किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार प्रगति की ओर बढ़ रहा है। चौहान ने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएं।
वहीं पूर्व दर्जा राज्य मंत्री बिट्टू कर्नाटक ने बूथ संख्या 138 का दौरा कर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित पार्टी है, जहां हर कार्यकर्ता का सम्मान किया जाता है। कर्नाटक ने कहा कि यह हम सभी के लिए गर्व की बात है कि हमें मोदी जैसा नेतृत्व मिला है।
बूथ संख्या 121 दुगालखोला में अल्मोड़ा नगर निगम के मेयर अजय वर्मा ने प्रवास कर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि देश और राज्य में विकास की गंगा बह रही है और अल्मोड़ा नगर निगम भी विकास कार्यों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
बूथ संख्या 150 (एनटीडी) में पूर्व दर्जा राज्य मंत्री गोविंद पिल्खवाल ने प्रवास करते हुए मंदिर सफाई जैसे सेवा कार्यों में भाग लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत हैं और हर कार्यकर्ता को आगे बढ़ाने का प्रयास निरंतर होना चाहिए।
पूर्व जिला मंत्री संदीप श्रीवास्तव ने बूथ संख्या 147, जगत भट्ट ने 146, मनीष जोशी ने बूथ संख्या 118 में प्रवास कर संपर्क अभियान को आगे बढ़ाया। सभी ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें की और स्थानीय जनता से संवाद स्थापित किया।
नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट ने जानकारी दी कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता शीर्ष नेतृत्व के निर्देशों के अनुसार बूथ स्तर पर सक्रियता से कार्य कर रहा है। सभी कार्यकर्ता जनता से संपर्क स्थापित कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को साझा कर रहे हैं।
इस अभियान में पूर्व दर्जा राज्य मंत्री ए.के. सिकंदर पवार, धर्मवीर आर्या, नवीन बिष्ट, प्रमोद पवार, देवेंद्र भट्ट, अनुप कुमार, आशीष कुमार, जगदीश नगरकोटी, गौरव कांडपाल, राजिक अंसारी, रमेश लाल, पियूष कुमार, पार्षद राहुल जोशी, संजय जोशी, विजय भट्ट सहित कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल रहे।
भाजपा का यह अभियान आगामी चुनावों की दृष्टि से पार्टी की जमीनी पकड़ मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय बनाए रखने का एक अहम प्रयास है।