सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. नरेंद्र सिंह भंडारी ने अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ संसदीय क्षेत्र के सांसद माननीय अजय टम्टा जी से शिष्टाचार भेंट की।कुलपति प्रोफेसर नरेंद्र सिंह भंडारी ने शिष्टाचार भेंट कर सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के विकास और उन्नति को लेकर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विश्वविद्यालय के संरचनात्मक स्वरूप, शैक्षणिक व्यवस्था आदि को लेकर विस्तार से वार्ता की। उन्होंने कहा कि सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय ने सृजन के उपरांत कई ऊंचाइयां प्राप्त की है। यह विश्वविद्यालय राष्ट्रीय स्तर पर अपनी छवि छोड़ने लगा है। आज देश के कई विश्वविद्यालय हमारे सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा से जुड़कर  सेमिनार, शोधकार्य आदि को बढ़ावा देने के लिए कार्य करना चाहते हैं। कई विश्वविद्यालयों के Mou भी हो चुके हैं। यह विश्वविद्यालय पारंपरिक ज्ञान, योग, आयुर्वेद, लोकभाषा, इतिहास,पुरातत्त्व, जनसंचार, पर्यावरण, कला, संस्कृति, विधि आदि को लेकर भी कार्य कर रहा है। आज यह विश्वविद्यालय, उत्कृष्ट विश्वविद्यालय बनने के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने माननीय सांसद जी को विश्वविद्यालय की समस्याओं और चुनौतियों से भी अवगत कराया।

सांसद अजय टम्टा ने भी सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि बहुत कम समय में कम संसाधनों के बावजूद विश्वविद्यालय द्वारा उत्कृष्ट कार्य किया जा रहा है। यह बेहद सुखद और गर्व की बात है। उन्होंने सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय को उत्कृष्ट विश्वविद्यालय बनाने और उसके समुचित विकास के लिए अपना भरपूर सहयोग देने के लिए कुलपति को आश्वासन भी दिया। इस शिष्टाचार भेंट में विश्वविद्यालय के विशेष कार्याधिकारी और व्यावसायिक अध्ययन केंद्र के निदेशक डॉ देवेंद्र सिंह बिष्ट मौजूद रहे।