उत्तराखण्ड में न‌ए मुख्यमंत्री को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। सियासी गलियारों से लेकर आम जनमानस की जुबां पर एक ही सवाल तैर रहा है, “अगला मुख्यमंत्री कौन?” सोशल मीडिया पर आम जनता के साथ ही क‌ई विधायक जहां मुख्यमंत्री पद पर निवर्तमान सीएम पुष्कर सिंह धामी को अपनी पसंद बता रहे हैं तो भाजपा के क‌ई अन्य कद्दावर नेताओं के नाम भी अगले मुख्यमंत्री पद के लिए सियासी गलियारों में तैर रहे हैं। जिनमें पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत, सतपाल महाराज, महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी, लोकसभा सांसद अजय भट्ट तथा धन सिंह रावत शामिल हैं। इसी बीच पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी की पुत्री ऋतु भूषण खंडूरी को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यदि सच में ऐसा हुआ तो राज्य को पहली मुख्यमंत्री मिलने जा रही है। खबर है कि मुख्यमंत्री पद पर चर्चा के लिए कोटद्वार से विधायक ऋतु खंडूरी को शनिवार सुबह ही दिल्ली बुलाया गया है। हाईकमान का संदेश मिलने पर ऋतु दिल्ली के लिए रवाना हो गई है।