बागेश्वर। जिला प्रशासन की ओर से बागेश्वर के नुमाइश खेत मैदान में 75वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। कैबिनेट मंत्री श्रीमती रेखा आर्य ने यहाँ राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। राष्ट्रगान गाकर भारत माता की जय के उदघोष लगाए गये।

मौके पर मंत्री जी ने उपस्थित सभी नागरिकों को देश की एकता, अखण्डता, सम्प्रभुता की शपथ दिलाई।

मंत्री श्रीमती आर्य जी ने कहा कि 75वें स्वतंत्रता दिवस को देश आजादी के अमृत महोत्‍सव के रूप में मना रहा है।

         यह राष्ट्रीय पर्व हमें अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान की याद दिलाता है। स्वतंत्रता दिवस हमें आत्मचिन्तन करने तथा महान देशभक्तों के सपनों एवं लक्ष्यों को प्राप्त करने की प्रतिबद्धता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करता है।

          देश की आजादी को अक्षुण्ण रखने के लिये आज के दिन हम सब यह संकल्प लें कि हम अपनी एकता और अखण्डता को बनाये रखेंगे और देश एवं प्रदेश को प्रगति, समृद्धि एवं विकास की नई ऊॅचाई पर पहुंचायेंगे।

 इस आजादी की बड़ी कीमत सबने मिलकर चुकाई है, इसे संभाल के रखना होगा यह बड़ी मुश्किल से हाथ आई है।  75 वर्ष को अमृत महोत्सव के रुप मे मनाने के प्रधान मंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत सरकार ने एतिहासिक व सराहनीय कदम उठाया है।

 यह नया भारत है जो प्रधान मंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में नए आयाम स्थापित कर रहा है । यह युवाओं का भारत है जो सबको पिछे छोडने को तैयार है,यह आत्मनिर्भर भारत है जो विश्व का प्रतिनिधित्व करने को लालायित है ।

 हमें पिछ्ले 75 सालों की सीख और उपलब्धियों को याद रखते हुए आने वाले 75 सालों का रास्ता तय करना है। अगले 25 सालों में जब हम आजादी के 100 साल मना रहे होगें, तब आज के युवा,भविष्य के ध्वजवाहक होंगे। हमें उनको भारत की विरासत से जोड़ना है और आधुनिक समाज के लिए तैयार करना है।

उन्होंने कहा कि बागेश्वर एक ऐसा जिला है जिसने 1000 बालक पर 1,000 से अधिक बालिकाएं दी हैं और बालक और बालिका के भेदभाव को स्वीकार नहीं किया है। इसके अलावा बागेश्वर की एक खूबी यह भी है कि कोरोना टीकाकरण मामले में यह प्रदेश में नंबर वन स्थान पर है इसके लिए बागेश्वर जिला की समस्त जनता को बधाई।

विधायक चन्दन राम दास ने कहा कि भारत ने 75 साल में बहुत उँचाईयो को छुआ है। अखंड भारत की पहचान और अमृत महोत्सव के रूप के हम स्वतंत्रता दिवस मना रहे है। उन्होंने सभी नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी।

इस मौके पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. जंयत सिंह के परिजन प्रेम सिंह जी, स्व. महेंद्र के मोहन जी, स्व. शिवलाल के नंदी वर्मा जी, स्व. राम सिंह के प्रताप सिंह जी, स्व.लक्ष्मण सिंह धपोला की भगवती देवी जी को कैबिनेट मंत्री श्रीमती रेखा आर्य ने सम्मानित किया।

जबकि विभिन्न विभागों में कार्यरत 50 कोरोना वारियर्स को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान मंत्री जी ने पौधरोपण भी किया।

इससे पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती रेखा आर्य में सोमेश्वर विधानसभा के स्वतंत्रता संग्राम सैनिक शहीद हुकुम सिंह बोरा के राष्ट्रीय स्मारक पर तिरंगा फहराया। वहीं हुकुम सिंह बोरा की मूर्ति पर पुष्पांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर बागेश्वर विधायक श्री चंदन राम,जिलाधिकारी विनीत कुमार,  पुलिस कप्तान अमित श्रीवास्तव, सीडीओ डी डी पंत, डीएफओ हिमांशु बागरी, जिला पंचायत अध्यक्ष बसन्ती देवी, समस्त स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के आश्रित, कोविड वॉरियर, स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।