अल्मोड़ा, –
जनपद अल्मोड़ा में भारत सरकार तथा उत्तराखंड सरकार के शासकीय विभागों एवं उनके अधीनस्थ संस्थाओं में सामग्री एवं सेवाओं के क्रय किए जाने के लिए भारत सरकार द्वारा विकसित गवर्नमेंट ई मार्केटप्लेस (जैम पोर्टल) व्यवस्था के तहत की जाने वाली खरीददारी तथा उसके भुगतान समेत अन्य तकनीकि समस्याओं के समाधान हेतु आज विकास भवन सभागार में एक दिवसीय कार्यशाला(प्रशिक्षण) का आयोजन किया गया। जिसमे जनपद के अंतर्गत समस्त सरकारी विभागों के आहरण वितरण अधिकारियों को जैम पोर्टल से संबंधित विभिन्न जानकारियां दी गई। यह प्रशिक्षण भारत सरकार के अधिकारी तथा उत्तराखंड राज्य के लिए नोडल जैम फैसिलिटेटर जे राजा द्वारा दिया गया। इस दौरान पोर्टल में होने वाले रजिस्ट्रेशन, यूजर आईडी बनाना, जैम पोर्टल का संचालन जैसी अनेक जानकारियां दी गई। जैम पोर्टल के माध्यम से पंजीकृत विक्रेताओं द्वारा वस्तुओ एवं सेवाओं के विक्रय के लिए अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही किसी भी प्रकार की समस्या होने पर फीडबैक देने या शिकायत करने का तरीका भी बताया गया। जैम पोर्टल के माध्यम से खरीददारी करने के दौरान किन किन प्रक्रियाओं को पूरा किया जाना होगा या कौन कौन से दस्तावेजों की जरूरत होगी आदि के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान कार्यशाला में उपस्थित समस्त आहरण वितरण अधिकारियों की पोर्टल से संबंधित विभिन्न शंकाओं का भी समाधान किया गया।
इस दौरान जिला विकास अधिकारी केएन तिवारी, मुख्य कोषाधिकारी हेमेंद्र गंगवार, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ उदय शंकर समेत अन्य विभागों के आहरण वितरण अधिकारी उपस्थित रहे।