देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने सांसद से लेकर मंत्री और विधायक अपने अपने गांवों में ईगास पर्व प्रवासियों के साथ मनाएंगे। इसके लिए पार्टी ने प्रभारियों की तैनाती की है। शुक्रवार को भाजपा मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि संगठन तीन महत्वपूर्ण कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात, लोकपर्व ईगास और राज्य स्थापना दिवस को इस बार व्यापक स्तर पर मनाएगा। इनमें जनता की ज्यादा से ज्यादा से भागीदारी के लिए संगठनस्तर पर रणनीति बनाई है। मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री, प्रदेश व जिला संगठन के पदाधिकारियों के साथ ही पार्टी सांसद, विधायक और निकाय व त्रिस्तरीय पंचायतों के प्रतिनिधियों को इन कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए जिम्मेदारी सौंपी है। भट्ट ने बताया कि ईगास पर्व के लिए प्रदेश मंत्री आदित्य चौहान व मीना गंगोला को प्रदेश संयोजक बनाया गया है और प्रदेश पदाधिकारी विनोद सुयाल को उत्तरकाशी, कर्नल अजय कोठियाल रुद्रप्रयाग, खजान दास टिहरी मधु भट्ट देहरादून ग्रामीण, विपिन कैथोला पौड़ी, सुनीता विधार्थी कोटद्वार, हेमंत द्विवेदी पिथौरागढ़, सुरेश जोशी अल्मोड़ा, प्रकाश रावत रानीखेत, चंदन सिंह बिष्ट चंपावत और जोशी को नैनीताल को ज़िम्मेदारी दी है। सभी जनप्रतिनिधि अनिवार्य रूप से चार नवंबर को ईगास अपने-अपने गांवों में प्रवासियों के साथ ही मनाएंगे। संयोजक और सभी प्रभारी अपने जिलों के प्रवासियों को इस दिन अपने गांवों में आने के लिए प्रेरित करेंगे।

उन्होंने बताया कि 9 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस कार्यक्रम बूथ स्तर पर मनाया जाएगा। इसके तहत दून और नैनीताल में वर्तमान दशक उत्तराखंड का दशक’ विषय पर गोष्ठियां की जाएंगी। इनमें शहीद आंदोलनकारियों के परिजनों और जेल जाने वाले आंदोलनकारियों को सम्मानित भी किया जाएगा। राज्य स्थापना दिवस के कार्यक्रमों की मानिटरिंग के लिए प्रदेश महामंत्री खिलेंद्र चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष नीरू देवी व प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान को समन्वयक बनाया है।