हिन्दी भाषा को मानक स्वरूप को बनाए रखने पर वेबिनार में हुआ मंथन

अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के शिक्षा संकाय की ओर से हिन्दी शिक्षण में कौशल का विकास पर आयोजित दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय वेबिनार का समापन हो गया है। समापन एसएसजे विवि शिक्षा संकाय की संकायाध्यक्ष व कार्यक्रम समन्वयक प्रो विजया रानी ढ़ौडियाल ने किया। इस अवसर पर प्रो ढ़ौडियाल ने कहा कि इस वेबिनार से जुड़े तमाम शोधार्थियों, शिक्षक प्रशिक्षुओं को देश-विदेश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में सेवाएं दे रहे हिन्दी के शिक्षाविद के विचारों को जानने का अवसर मिला। और वह आने वाले समय में उनके हिन्दी भाषा कौशल के विकास के रूप में परीलक्षित होगा।

उच्च अध्ययन शिक्षा संस्थान अल्मोड़ा की ओर से आयोजित दो दिवसीय वेबिनार को संबोधित करते हुए सोबन सिंह जीना विवि के शोध प्रचार-प्रसार निर्देशक एवं हिन्दी विभागाध्यक्ष प्रो जगत सिंह बिष्ट ने भाषा में शब्द दोष के कारणों एवं प्रकारों के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी। कहा कि शारीरिक कारण, वर्णों के उच्चारण का अज्ञान, क्षेत्रीय बोलियों का प्रभाव, अन्य भाषाओं का प्रयोग के कारण हिन्दी भाषा पर प्रभाव पड़ता है, जिससे उसका असर सीधे उच्चारण पर प्रभाव पड़ता है। भौगोलिक कारण भी भाषा में भी शब्द दोष उत्पन्न हो जाता है। प्रो बिष्ट ने उच्चारण पर मनोवैज्ञानिकता का प्रभाव पड़ता है। भय, संकोच, शीघ्रता, बिलम्ब आदि से उच्चारण में दोष आ जाते हैं। इससे तुतलाना, लापरवाही आदि का विकास होता है और उच्चारण प्रभावित होता है। बताया कि स्थानीय प्रभाव भी भाषा में दिखाई देता है।

अंतरराष्ट्रीय वेबीनार के दूसरे दिन मुख्य वक्ता के रूप में अमेरिका के ड्यूक विवि की डाॅ कुसुम नैपसिक और पूर्व निदेशक उच्च शिक्षा उत्तराखंड डाॅ सरिता मोहन ने हिन्दी भाषा के वर्तमान स्वरूप पर प्रकाश डाला। डाॅ कुसुम ने अमेरिका में छोटे बच्चों को किस प्रकार से हिन्दी शिक्षण कराती है और उसमें आने वाली समस्याओं के बारे में बताया। डाॅ सरिता मोहन ने बताया कि भाषा के माध्यम से चमत्कार किया जा सकता है साथ ही संचार माध्यमों में  भाषा का बहुत अधिक प्रचार प्रसार किया है। ब्रिटिश अमेरिकन यूनिवर्सिटी के डाॅ मनोज कुमार मिश्र ने श्रवण कौशल, वाचन कौशल, पठन कौशल, लेखन कौशल के विषय में विस्तार पूर्वक जानकारी दी। संपूर्णानंद विवि वाराणसी शिक्षा विभाग से प्रो प्रेम नारायण सिंह ने बताया कि भले ही भाषा कौशल बच्चा नहीं जानता है किंतु फिर भी वह भाषा बोलता है, उसे स्त्रीलिंग तथा पुलिंग का ज्ञान नहीं होता है फिर भी वह अनायास ही अपनी मातृ भाषा का अर्जन कर लेता है। आगरा के प्रो उमापति दीक्षित ने कहा कि हिंदी का प्रचार प्रसार करना ही हमारा मुख्य उद्देश्य और धर्म है। प्रो शिव कुमार सिंह ने बताया कि पूर्व काल में भी भारतीय अध्ययन शिक्षा संस्थान की स्थापना की गई है जहां हिंदी भाषा के विकास का कार्य किया जा रहा है। डॉ अंजना सुधीर ने बताया कि हम गीतों के माध्यम से भी हिंदी भाषा का उन्नयन और विश्व स्तर पर इसका विस्तार कर सकते है।

डॉ सतीश चंद्र त्रिवेदी एवं कुमाऊॅ विवि से सेवानिवृत्त प्रो दिवा भट्ट ने हिंदी की व्याकरण के संवर्धन के संबंध में व्याख्यान दिया। कहा कि हम हिंदी भाषा के त्रुटियों को किन विधियों से दूर कर सकते हैं। प्रो दिवा भट्ट ने हिंदी भाषा के उन्नयन में होने वाली त्रुटियां और मानक भाषा के प्रयोग के बारे में परिचर्चा की। प्रो दिवा भट्ट ने सोशल मीडिया में भाषा के रूप में वर्तमान में आ रहे परिवर्तन पर चिंता व्यक्त की। कहा कि आज हमें मीडिया में ऐसी भाषा का प्रयोग करना चाहिए कि हिन्दी का मानक स्वरूप बना रहे। इस अवसर पर कार्यक्रम संचालक डाॅ अरूण कुमार चर्तुवेदी, डाॅ संगीता पंवार, डाॅ रिजवाना सिद्दीकी, हिमाशु शर्मा, गौहर फातिमा आदि मौजूद रहे।