अल्मोड़ा-बेतहाशा बढ़ रही महंगाई के विरोध में जिला एवं नगर कांंग्रेस कमेटी ने कांंग्रेस नगर अध्यक्ष पूरन सिंह रौतेला के नेतृत्व में भाजपा सरकार का पुतला दहन किया।अपने पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार कांंग्रेसजन आज दोपहर कांंग्रेस नगर अध्यक्ष पूरन सिंह रौतेला के नेतृत्व में चौहानबाटा गांधी पार्क में एकत्रित हुए तथा भाजपा सरकार के विरूद्ध जमकर नारेबाजी करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया।इस अवसर पर कांंग्रेस नगर अध्यक्ष पूरन सिंह रौतेला ने कहा कि भाजपा की इस सरकार में महंगाई अपनी चरम सीमा पर पहुंच चुकी है।पेट्रोल डीजल के मूल्यों में इस सरकार द्वारा बेतहाशा वृद्बि कर जनता की कमर तोड़ दी गयी है।वर्तमान में पेट्रोल डीजल के दामों में बेतहाशा वृद्बि होने से दैनिक उपभोग की सभी वस्तुएं महंगी हो गयी हैं जिससे जनता त्रस्त है।श्री रौतेला ने कहा कि रसोई गैस सिलेण्डर में इस सरकार के द्वारा लगातार मूल्य वृद्बि की जा रही है और सब्सिडी के नाम पर बीस से तीस रूपये जनता के खातों में डालकर जनता को छलने का कार्य किया जा रहा है।श्री रौतेला ने कहा कि खाने के तेल को भी इस सरकार द्वारा नहीं बक्शा गया उसके मूल्य भी आसमान छू रहे हैं।उन्होंने कहा कि भाजपा की इस जनविरोधी सरकार को जनता की आर्थिक स्थिति से कुछ भी लेना देना नहीं है।इस कोरोनाकाल में जहां एक तरफ लोगों की नौकरियां चली गयी,काम धंधे ठप्प पड़ गये वहीं दूसरी ओर भाजपा सरकार ने महंगाई को चांद पर पहुंचाकर लोगों को बेबस कर दिया है।उन्होंने कहा कि आज चाहे दैनिक उपभोग की वस्तुएं आटा,चावल,तेल,दालें हो या पेट्रोल डीजल,गैस सिलेंडर हो सबके दाम अत्यधिक बढ़ गये हैं।उन्होंने कहा कि इसके अलावा भवन निर्माण सामग्री से लेकर जनता की उपभोग की हर वस्तु इस सरकार में महंगी हो गयी है।श्री रौतेला ने कहा कि आज आदमी के पास रोजगार नहीं है और इस महंगाई के समय में उसका जीवनयापन करना मुश्किल हो रहा है।श्री रौतेला ने कहा कि भाजपा की इस जनविरोधी सरकार में आज आम आदमी परेशान है।आज आम आदमी की आर्थिक स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि उसके सामने भूखे मरने की नौबत आ रही है परन्तु भाजपा की सरकार खुद अपनी पीठ थपथपा कर अपने को गौरवान्वित महसूस कर रही है।श्री रौतेला ने कहा कि निश्चित रूप से जनता इस महंगाई का मुंहतोड़ जवाब भाजपा को चुनावों में देगी।पुतला दहन कार्यक्रम में कांंग्रेस नगर अध्यक्ष पूरन सिंह रौतेला,महिला जिलाध्यक्ष लता तिवारी,नगर महामंत्री गीता मेहरा,जिला प्रवक्ता राजीव कर्नाटक,सेवादल प्रदेश ध्वजवाहक संजय दुर्गापाल,जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष तारा चन्द्र जोशी,जिला उपाध्यक्ष पारितोष जोशी,नगर संगठन सचिव चन्द्र कुमार फौजी,जितेन्द्र प्रसाद,नगर उपाध्यक्ष अम्बीराम,पीसीसी सदस्य हर्ष कनवाल,विपिन त्रिपाठी,विनोद सिंह,नगर संगठन सचिव अरविन्द रौतेला,नगर सचिव रमेश नेगी,नगर संगठन सचिव फाकिर खान,नगर संगठन सचिव जितेन्द्र अधिकारी,प्रदीप विशौ,तारू तिवारी सहित दर्जनों कांंग्रेसजन उपस्थित रहे।