अल्मोड़ा-आज जारी एक बयान में अल्मोड़ा कांंग्रेस के जिलाध्यक्ष पीताम्बर पान्डेय ने कहा कि भाजपा सरकार ने आज चार साल बाद मुख्यमंत्री बदलकर खुद साबित कर दिया है कि भाजपा सरकार का विगत चार साल का कार्यकाल बेहद निराशाजनक,विकासविरोधी,रोजगार विरोधी तथा महंगाई से परिपूर्ण रहा।उन्होंने कहा कि जैसा कि भाजपा का छलावा करने का स्वभाव रहा है तथा उसी के बल पर भाजपा ने सरकार पर काबिज होने का कार्य किया है।उसी की पुनरावृत्ति करते हुए वर्तमान में मुख्यमंत्री के रूप में नया चेहरा देकर भाजपा ने इस प्रदेश की भोली भाली जनता का ध्यान सरकार की असफलताओं से भटकाने का कार्य किया है।स्पष्ट है कि प्रदेश में विगत चार सालों से जो विकास अवरुद्ध रहा उसकी भरपाई मुख्यमंत्री बदलकर भाजपा इस चुनावी वर्ष में नहीं कर सकती।उन्होंने कहा कि चार साल तक त्रिवेन्द्र रावत सरकार को विकासशील सरकार का दर्जा देने वाली भाजपा सरकार ने स्वयं त्रिवेन्द्र सिंह रावत को हटाकर यह साबित कर दिया है कि उनके कार्यकाल में प्रदेश के विकास में कोई भी कार्य नहीं हुआ।इतना अवश्य है कि पूर्ववर्ती कांंग्रेस सरकार में स्वीकृत विकास की योजनाओं का लोकार्पण एवं उद्घाटन कर भाजपा सरकार ने जनता को भ्रमित करने का कार्य किया।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले चार सालों में कार्यों के नाम पर प्रदेश की जनता पर प्राधिकरण जैसे काले कानून थोपे,गरीब जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे वृद्धावस्था पेंशन,गौरा कन्या धन एवम् श्रम विभाग की योजनाओं में कटौती की तथा जनभावनाओं के विरूद्ध प्राचीन जिले अल्मोड़ा को कुमाऊं मण्डल से बाहर किया।उन्होंने कहा कि भाजपा की इस सरकार में उत्तराखंड में बेरोजगारी की दर अपने चरम तक पहुंच चुकी है। पाण्डेय ने कहा कि मुख्यमंत्री बदलकर भाजपा अपने 2022 के पुनः सत्ता में आने के सपने को पूरा नही कर सकती।उन्होंने कहा कि जिस जनता ने इनके अच्छे दिनों के वादे पर यकीन करके इन्हें प्रदेश की सत्ता सौंपी थी।भाजपा सरकार ने उसी जनता को महंगाई एवं बेरोजगारी से बेहद बुरे दिन दे दिए।आज जनता भाजपा की कथनी और करनी को समझ चुकी है तथा पूरे मन से 2022 में कांंग्रेस की सरकार को लाने के लिए आतुर है।